झारखंड युवा कांग्रेस अध्यक्ष कुमार गौरव की कुर्सी होल्ड पर किसकी शिकायत पर हुआ एक्शन

RANCHI : झारखंड कांग्रेस में अंदरूनी विवाद अब खुलकर सामने आ गया है। भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने झारखंड प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष कुमार गौरव के पद को तत्काल प्रभाव से होल्ड पर रख दिया है। यह कार्रवाई संगठन की अनुशासन समिति की रिपोर्ट के आधार पर की गई है।
इस पूरे मामले की शुरुआत प्रदेश महासचिव आयुष अग्रवाल की शिकायत से हुई। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सर्किट हाउस में देर रात करीब डेढ़ बजे कुमार गौरव शराब के नशे में पहुंचे और वहां मौजूद पदाधिकारियों के साथ अभद्र व्यवहार किया। आयुष अग्रवाल ने आरोप लगाया कि कुमार गौरव ने सार्वजनिक रूप से उन्हें गालियां दीं और संगठन के अन्य नेताओं के साथ भी दुर्व्यवहार किया।
शिकायत के अनुसार महिला प्रदेश प्रभारी नवनीत मैडम सह प्रभारी मुरारी और फहद के साथ भी अनुचित व्यवहार किया गया। घटना के समय दो राष्ट्रीय सचिव और दो प्रदेश महासचिव समेत 15 से 20 लोग मौजूद थे। आयुष अग्रवाल ने कहा कि इस तरह का व्यवहार न केवल व्यक्तिगत अपमान है बल्कि संगठन की गरिमा और लोकतांत्रिक मूल्यों के भी खिलाफ है।
घटना के बाद आयुष अग्रवाल ने संगठन के अन्य पदाधिकारियों से भी खुलकर अपनी बात रखने की अपील की। मामले को गंभीरता से लेते हुए भारतीय युवा कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व ने अनुशासन समिति की रिपोर्ट के आधार पर कुमार गौरव के पद को होल्ड पर रखने का फैसला लिया है।

