पूर्वी सिंहभूम पुलिस का नशे के कारोबार पर शिकंजा, 204 आरोपियों का सत्यापन, 78 पर CCA की तैयारी

पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसके तहत एनडीपीएस एक्ट से जुड़े मामलों के 204 आरोपियों का विशेष अभियान चलाकर सत्यापन किया गया। पुलिस के अनुसार, यह अभियान 1 और 2 जून 2026 को जिले के विभिन्न शहरी थाना क्षेत्रों में चलाया गया।
जांच के दौरान 32 आरोपी जेल में मिले, जबकि 35 अपने पते पर मौजूद नहीं थे। इसके अलावा तीन आरोपी फरार पाए गए और चार की मौत होने की पुष्टि हुई। पुलिस ने संबंधित थानों को आगे की कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
सबसे अधिक सत्यापन सिंदगोड़ा थाना क्षेत्र में किया गया। इसके अलावा मानगो, परसुडीह, सीतारामडेरा, बागबेड़ा, गोविंदपुर, साकची, बिरसानगर, बिष्टुपुर, आजादनगर, सोनारी, गोलमुरी, जुगसलाई, टेल्को और कदमा समेत कई थाना क्षेत्रों में भी जांच की गई।
पुलिस अब आदतन अपराधियों पर और सख्ती बरतने की तैयारी में है। जिले के विभिन्न थानों से कुल 78 आरोपियों के खिलाफ क्राइम कंट्रोल एक्ट (CCA) के तहत कार्रवाई का प्रस्ताव भेजा गया है। अधिकारियों का कहना है कि नशे के कारोबार में बार-बार शामिल होने वाले अपराधियों पर लगातार नजर रखी जाएगी और उनके नेटवर्क को कमजोर करने के लिए आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।

