रांची: वेदांता ने एक साल में सरकार को दिए ₹62,722 करोड़, टैक्स योगदान में हुई बढ़ोतरी

वेदांता लिमिटेड ने वित्त वर्ष 2025-26 में केंद्र और राज्य सरकारों को टैक्स, रॉयल्टी और अन्य मदों के जरिए कुल ₹62,722 करोड़ का योगदान दिया है। कंपनी का कहना है कि यह पिछले साल की तुलना में 13.3 प्रतिशत अधिक है और उसके अब तक के सबसे अच्छे वित्तीय प्रदर्शन का हिस्सा है।
कंपनी के अनुसार, इस दौरान उसका राजस्व और मुनाफा दोनों बढ़े हैं। जिंक, एल्युमीनियम, ऑयल एंड गैस, कॉपर और अन्य कारोबारों के बेहतर प्रदर्शन से कंपनी की आय में अच्छी बढ़ोतरी हुई है।
रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी ने रॉयल्टी, आयकर, जीएसटी और अन्य करों के रूप में बड़ी राशि सरकारी खजाने में जमा की है। साथ ही हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड में सरकार की हिस्सेदारी के तहत लाभांश का भी भुगतान किया गया है।
वेदांता ने कहा कि वह पिछले 11 वर्षों से टैक्स ट्रांसपेरेंसी रिपोर्ट जारी कर रही है। कंपनी का कहना है कि पारदर्शिता, जवाबदेही और जिम्मेदार कर भुगतान उसकी कार्यप्रणाली का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।

