राबड़ी देवी को आज खाली करना था सरकारी आवास, अब प्रशासन के अगले कदम पर नजर

बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को आवंटित 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास खाली करने की तय समय सीमा सोमवार को पूरी हो गई। अब सबकी नजर इस बात पर है कि समय सीमा खत्म होने के बाद प्रशासन क्या कदम उठाता है।
पिछले कुछ दिनों से आवास से फर्नीचर और अन्य सामान लगातार दूसरी जगह भेजा जा रहा है। परिसर में लगे कई उपकरण भी हटाए जा चुके हैं। बताया जा रहा है कि ज्यादातर सामान तेजस्वी यादव के सरकारी आवास और कुछ निजी आवास पर पहुंचाया गया है।
सरकार ने राबड़ी देवी के लिए 39 हार्डिंग रोड स्थित नया सरकारी आवास आवंटित किया है। वहां मरम्मत और जरूरी सुविधाओं का काम लगभग पूरा हो चुका है। लालू प्रसाद की स्वास्थ्य जरूरतों को देखते हुए भी विशेष व्यवस्था की गई है।
भवन निर्माण विभाग पहले कई बार नोटिस जारी कर चुका था। अब अगर तय समय के बाद भी आवास पूरी तरह खाली नहीं होता है, तो विभाग नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई कर सकता है।

