पश्चिमी सिंहभूम: गुदड़ी थाना के एएसआई मनोज कुमार बोदरा का निधन, पुलिस विभाग में शोक

पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुदड़ी थाना में तैनात एएसआई मनोज कुमार बोदरा का सोमवार सुबह अचानक निधन हो गया। उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने पर थाना प्रभारी उन्हें इलाज के लिए अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। इस खबर से पूरे पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई।
बताया गया कि सुबह उनकी तबीयत खराब होने पर उन्हें तुरंत सोनुवा के स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और परिजन अस्पताल पहुंचे। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल भेजा गया। पोस्टमार्टम पूरा होने के बाद पार्थिव शरीर को पूरे पुलिस सम्मान के साथ उनके पैतृक गांव भेजा जाएगा।
मनोज कुमार बोदरा सोनुवा थाना क्षेत्र के मदंगजाहिर गांव के रहने वाले थे। उनके परिवार में पत्नी, एक बेटा, एक बेटी और छोटा भाई हैं, जो जिला पुलिस लाइन में कार्यरत हैं। पुलिस अधिकारियों ने दिवंगत एएसआई के निधन पर गहरा दुख जताया है। मौत की सही वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगी।

