राष्ट्रीय स्वास्थ्य सम्मेलन में शामिल होने दिल्ली पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी

झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी रविवार रात दिल्ली के लिए रवाना हो गए। वह 29 जून से 1 जुलाई तक होने वाले तीन दिवसीय राष्ट्रीय स्वास्थ्य मंत्रियों के सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इस बैठक में देश के स्वास्थ्य क्षेत्र को बेहतर बनाने, डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने और अस्पतालों को आधुनिक बनाने जैसे कई अहम मुद्दों पर चर्चा होगी।
सम्मेलन के दौरान डॉ. अंसारी झारखंड की स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए केंद्र सरकार के सामने कई महत्वपूर्ण मांगें रखेंगे। इनमें राज्य के सभी जिलों में मेडिकल कॉलेज खोलने, लंबे समय से लंबित स्वास्थ्य परियोजनाओं को मंजूरी देने और एक नए आयुर्वेदिक विश्वविद्यालय की स्थापना की मांग शामिल है। इसके साथ ही कैंसर मरीजों के लिए सस्ती और अच्छी गुणवत्ता वाली जीवनरक्षक दवाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया जाएगा।
स्वास्थ्य मंत्री सरकारी अस्पतालों को आधुनिक बनाने के लिए मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर (OT) के लिए वित्तीय सहायता और डिजिटल हेल्थ सिस्टम को मजबूत करने के लिए तकनीकी सहयोग की भी मांग करेंगे। राज्य सरकार का उद्देश्य झारखंड की स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर, आधुनिक और लोगों के लिए अधिक भरोसेमंद बनाना है।

