Jamshedpur: आम तोड़ने पेड़ पर चढ़ा युवक 11 हजार वोल्ट की लाइन की चपेट में आया, करंट लगने से मौत

जमशेदपुर: कमलपुर थाना क्षेत्र के हुड़ूम्बिल गांव में रविवार शाम करीब 6 बजे एक दर्दनाक हादसे में 35 वर्षीय कार्तिक प्रमाणिक की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, कार्तिक प्रमाणिक गांव के पास सड़क किनारे स्थित एक आम के पेड़ पर आम तोड़ने के लिए चढ़े थे। इसी दौरान पेड़ के पास से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से उन्हें तेज करंट लग गया। करंट के झटके से वह पेड़ से नीचे गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
मृतक की पत्नी अष्टमी प्रमाणिक ने बताया कि वह अपने बेटे के साथ पेड़ के नीचे खड़ी होकर आम इकट्ठा कर रही थीं। तभी अचानक करंट लगने से कार्तिक नीचे गिर पड़े। परिजनों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
ग्रामीण फटीक महतो ने बताया कि कार्तिक ने इसी वर्ष अपनी बेटी की शादी की थी। आषाढ़ी के अवसर पर बेटी के घर आम और कटहल भेजने के लिए वह गांव के एक व्यक्ति के पेड़ पर आम तोड़ने गए थे, लेकिन खुशी का यह पल देखते ही देखते मातम में बदल गया।
घटना की सूचना मिलते ही कमलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच के साथ आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।
बताया जाता है कि कार्तिक प्रमाणिक बेहद गरीब परिवार से थे और गांव में हजामत बनाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
वहीं, भाजपा जमशेदपुर महानगर के जिला उपाध्यक्ष प्रदीप कुमार महतो ने घटना के लिए बिजली विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया। उनका कहना है कि काश्मार फीडर से हुड़ूम्बिल गांव होकर गुजरने वाली 11 हजार वोल्ट की लाइन कई पेड़ों से सटी हुई है, जिससे हमेशा हादसे का खतरा बना रहता है। उन्होंने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने और बिजली विभाग से तत्काल सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की है।


