रोइंग वर्ल्ड कप में भारत का स्वर्णिम इतिहास लक्ष्य और उज्ज्वल ने जीता गोल्ड मेडल

NEW DELHI : भारतीय रोइंग टीम ने वर्ल्ड कप में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए देश के नाम स्वर्ण पदक दर्ज किया है। भारत के लक्ष्य और उज्ज्वल कुमार की जोड़ी ने स्विट्जरलैंड के ल्यूसर्न में आयोजित रोइंग वर्ल्ड कप के लाइटवेट मेंस डबल स्कल्स स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया।
भारतीय जोड़ी ने फाइनल मुकाबले में 6 मिनट 26.09 सेकंड का समय निकालकर पहला स्थान हासिल किया और देश को गौरवान्वित किया। यह दोनों खिलाड़ियों का रोइंग वर्ल्ड कप में पहला ही मुकाबला था और उन्होंने अपने डेब्यू में ही इतिहास रच दिया।
भारत ने इस प्रतियोगिता में 18 सदस्यीय दल भेजा था जिसमें 17 खिलाड़ी भारतीय सेना से और एक खिलाड़ी भारतीय नौसेना से हैं। स्वर्ण पदक जीतने वाले लक्ष्य और उज्ज्वल कुमार दोनों भारतीय सेना के जवान हैं।
इस जीत के साथ भारत ने अंतरराष्ट्रीय रोइंग में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि को भारतीय रोइंग के लिए बड़ी सफलता माना जा रहा है और इससे भविष्य में देश के युवा खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिलेगी।


