जमशेदपुर: उपायुक्त ने एमजीएम अस्पताल का किया औचक निरीक्षण, मलेरिया मरीजों से मिलकर जाना स्वास्थ्य का हाल

जमशेदपुर के जिला उपायुक्त ने रविवार को डिमना स्थित एमजीएम अस्पताल का अचानक दौरा कर वहां की स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल की तीसरी से लेकर छठी मंजिल तक विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया और भर्ती मरीजों की स्थिति की जानकारी ली।
छठी मंजिल पर भर्ती ब्रेन मलेरिया और अन्य मलेरिया मरीजों से मुलाकात कर उपायुक्त ने उनके इलाज और स्वास्थ्य के बारे में जानकारी हासिल की। उन्होंने मरीजों के परिजनों से भी बातचीत कर अस्पताल में मिल रही सुविधाओं और उपचार व्यवस्था पर उनकी राय जानी।
इस दौरान मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संजय कुमार और अस्पताल अधीक्षक डॉ. बलराम झा भी मौजूद रहे। उपायुक्त ने बताया कि अस्पताल में भर्ती दो बच्चों की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि बाकी मरीजों के स्वास्थ्य में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है।
निरीक्षण के दौरान दवाओं की उपलब्धता और अस्पताल में पेयजल व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि अस्पताल में दवाओं का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और 15 जुलाई तक नियमित जलापूर्ति की व्यवस्था भी पूरी तरह बहाल कर दी जाएगी।

