हैदराबाद में ‘डोनाल्ड ट्रंप एवेन्यू’ का उद्घाटन, ट्रंप बोले- मेरे लिए यह अभूतपूर्व सम्मान

HYDERABAD : तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नाम पर एक सड़क का नाम रखे जाने के बाद उन्होंने भारत और तेलंगाना सरकार का आभार व्यक्त किया है। ट्रंप ने इसे अपने लिए अभूतपूर्व सम्मान बताते हुए कहा कि इस तरह सम्मानित होने वाले वह पहले अमेरिकी राष्ट्रपति हैं।ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर ‘डोनाल्ड ट्रंप एवेन्यू’ के उद्घाटन की तस्वीर साझा करते हुए लिखा “भारत के हैदराबाद में नया ‘डोनाल्ड ट्रंप एवेन्यू’।
इस तरह सम्मानित होने वाला मैं पहला अमेरिकी राष्ट्रपति हूं। धन्यवाद!तेलंगाना सरकार ने हैदराबाद स्थित अमेरिकी वाणिज्य दूतावास (यूएस कॉन्सुलेट) के पास की सड़क का नाम बदलकर ‘डोनाल्ड ट्रंप एवेन्यू’ कर दिया है। पहले यह सड़क ‘यूएस कॉन्सुलेट रोड’ के नाम से जानी जाती थी। सरकार का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य हैदराबाद की वैश्विक पहचान को मजबूत करना और भारत-अमेरिका संबंधों को नई मजबूती देना है।यह सड़क हैदराबाद के नानकरामगुडा स्थित फाइनेंशियल डिस्ट्रिक्ट में है जहां अमेरिकी कूटनीतिक मिशन के साथ कई प्रमुख अंतरराष्ट्रीय प्रौद्योगिकी कंपनियों के कार्यालय भी मौजूद हैं।
इस सप्ताह आयोजित समारोह में भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर और तेलंगाना के उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्का की उपस्थिति में ‘डोनाल्ड ट्रंप एवेन्यू’ की स्मारक पट्टिका का अनावरण किया गया।यह कार्यक्रम अमेरिका की आजादी के 250 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया। इस अवसर पर सर्जियो गोर ने तेलंगाना सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नाम पर सड़क का नामकरण भारत और अमेरिका के बीच मजबूत एवं सम्मानजनक साझेदारी का प्रतीक है।तेलंगाना सरकार के अनुसार प्रमुख सड़कों और सार्वजनिक अवसंरचना का नाम विश्व स्तर पर प्रसिद्ध व्यक्तित्वों और संस्थानों के नाम पर रखने की व्यापक योजना के तहत यह निर्णय लिया गया है। इससे पहले मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने यूएस-इंडिया स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप फोरम में हैदराबाद को वैश्विक पहचान वाले शहरी लैंडमार्क विकसित करने की दिशा में ऐसे कदम उठाने की बात कही थी।

