रिम्स जमीन घोटाला: ACB की बड़ी कार्रवाई, करोड़ों की जमीन कब्जाने के आरोप में बिल्डर शुभम साबू गिरफ्तार

RANCHI : राजधानी रांची में रिम्स की करोड़ों रुपये मूल्य की सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे के मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई की है। एसीबी की टीम ने रविवार सुबह कथित रूप से बिल्डर शुभम साबू को उनके आवास से हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। शुभम साबू को लकी कंस्ट्रक्शन का संचालक बताया जा रहा है। हालांकि एसीबी के अधिकारियों ने आधिकारिक तौर पर गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की है।
सूत्रों के अनुसार एसीबी की टीम ने सुबह-सुबह नेशनल गली स्थित उनके आवास पर छापेमारी कर उन्हें अपने साथ मुख्यालय ले गई जहां मामले से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर पूछताछ की जा रही है।
जांच में सामने आया है कि मोरहाबादी मौजा की 8 एकड़ और कोकर मौजा की 1.65 एकड़ यानी कुल 9.65 एकड़ रिम्स की सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा किया गया था। इस जमीन की बाजार कीमत 100 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है।
एसीबी की जांच के दौरान यह भी खुलासा हुआ कि रिम्स की जमीन का पावर ऑफ अटॉर्नी लेने वाला कथित मास्टरमाइंड प्रमोद महतो फिलहाल फरार है। एसीबी उसके खिलाफ कोर्ट से गिरफ्तारी वारंट प्राप्त कर चुकी है। गिरफ्तारी से बचने के लिए प्रमोद महतो ने एसीबी की विशेष अदालत में अग्रिम जमानत की अर्जी भी दाखिल की है
जांच एजेंसी के अनुसार कब्जाई गई सरकारी जमीन पर एक आलीशान अपार्टमेंट का निर्माण कराया गया था। एसीबी की जांच में पता चला है कि इस अवैध निर्माण पर बिल्डर ने करीब 14 करोड़ रुपये खर्च किए थे।
हालांकि, इस पूरे जमीन घोटाले में बिल्डर और अन्य आरोपियों ने अवैध तरीके से कितनी कमाई की, इसका आकलन अभी किया जा रहा है। एसीबी मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आने वाले दिनों में इस प्रकरण में और भी बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

