जमशेदपुर: वेदांता के साथ केबल कंपनी के नए सफर की शुरुआत, 26 साल बाद कर्मचारियों में बढ़ी उम्मीद

वेदांता समूह द्वारा केबल कंपनी का अधिग्रहण किए जाने के बाद रविवार को जमशेदपुर के केबल गेट परिसर में केबल मजदूर संघ की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कर्मचारियों ने कंपनी के भविष्य, दोबारा संचालन और वेदांता प्रबंधन के साथ मिलकर आगे बढ़ने की रणनीति पर चर्चा की। कर्मचारियों ने एकजुट होकर कंपनी के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प भी लिया।
बैठक में संघ के संस्थापक सागर तिवारी ने कहा कि करीब 26 साल बाद कंपनी के फिर से शुरू होने की उम्मीद ने कर्मचारियों और उनके परिवारों में नई ऊर्जा भर दी है। उन्होंने बताया कि जल्द ही वेदांता प्रबंधन से मुलाकात कर कर्मचारियों की समस्याओं, सुझावों और जरूरतों को उनके सामने रखा जाएगा। उनका कहना था कि संगठन का उद्देश्य कंपनी की पुरानी पहचान वापस दिलाना और कर्मचारियों के भविष्य को सुरक्षित बनाना है।
बैठक में यह भी तय किया गया कि सभी कर्मचारी अपनी बात मजदूर संघ के माध्यम से ही प्रबंधन तक पहुंचाएंगे, ताकि सभी मुद्दों का समाधान मिलकर किया जा सके। कर्मचारियों और प्रबंधन के बीच बेहतर तालमेल बनाकर कंपनी के पुनर्निर्माण और विकास को आगे बढ़ाने पर भी सहमति बनी। इस दौरान दिवंगत कर्मचारी स्वर्गीय सुभाष कुमार को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई।
बैठक का संचालन रविंद्र मिश्रा ने किया। उन्होंने कहा कि कर्मचारी अब किसी भी तरह की राजनीति से दूर रहकर अपने अधिकारों, सम्मान और कंपनी की तरक्की के लिए मिलकर काम करेंगे। वहीं, संघ के वरिष्ठ सदस्य प्रदीप झा ने कहा कि संगठन कर्मचारियों और प्रबंधन के बीच बेहतर संवाद बनाए रखने का प्रयास करेगा, ताकि हर समस्या का समाधान आपसी समझ से हो सके। बैठक के अंत में सभी कर्मचारियों ने वेदांता प्रबंधन के साथ सकारात्मक सहयोग करते हुए कंपनी की प्रगति में अपना पूरा योगदान देने का संकल्प लिया।

