गम्हरिया थाना के पास सड़क पर खड़ा खराब वाहन, सुरक्षा नियमों की अनदेखी से बढ़ा हादसे का खतरा

सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना के पास मुख्य सड़क पर एक खराब वाहन लंबे समय तक सड़क किनारे खड़ा रहा। हैरानी की बात यह रही कि वाहन के पीछे सुरक्षा के लिए रिफ्लेक्टर, चेतावनी त्रिकोण या अन्य जरूरी संकेत लगाने के बजाय सिर्फ एक हरी पत्ती रख दी गई थी।
स्थानीय लोगों के अनुसार, वाहन काफी देर तक उसी जगह खड़ा रहा। ऐसे में रात के समय या कम रोशनी में तेज रफ्तार से आने वाले वाहन चालकों के लिए इसे समय रहते देख पाना मुश्किल हो सकता था, जिससे किसी बड़े सड़क हादसे की आशंका बनी रही।
यातायात नियमों के मुताबिक, यदि कोई वाहन सड़क पर खराब होकर खड़ा हो जाए तो उसके पीछे सुरक्षित दूरी पर रिफ्लेक्टिव चेतावनी त्रिकोण या अन्य संकेत लगाना जरूरी होता है, ताकि पीछे से आने वाले वाहन चालक पहले ही सतर्क हो सकें। लेकिन इस मामले में ऐसा कोई इंतजाम नहीं किया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की लापरवाही कई बार देखने को मिलती है। उनका मानना है कि केवल हरी पत्ती रखने से पीछे से आने वाले चालकों को पर्याप्त चेतावनी नहीं मिलती और दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए और खराब वाहनों के लिए तय सुरक्षा मानकों को अनिवार्य बनाया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की लापरवाही के कारण कोई बड़ा हादसा न हो।

