बिरसा मुंडा जेल से चाईबासा शिफ्ट हुई महिला बंदी के पास मिला मोबाइल, जांच शुरू

रांची की बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार से चाईबासा मंडल कारागार लाई गई महिला बंदी रिया सिन्हा की तलाशी के दौरान मोबाइल फोन और कई अन्य प्रतिबंधित सामान मिलने से जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। घटना के बाद चाईबासा सदर थाना में मामला दर्ज कराया गया है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, जेल में प्रवेश से पहले महिला सुरक्षाकर्मियों ने रिया सिन्हा की तलाशी ली। इसी दौरान उसके पास से एक स्मार्टफोन, चार सिम कार्ड, दो मोबाइल चार्जर, एक छोटा चार्जर, एक डायरी और लिखावट से भरी एक कॉपी बरामद हुई। बताया जा रहा है कि मोबाइल को इस तरह छिपाकर रखा गया था कि सामान्य जांच में वह आसानी से दिखाई न दे।
बरामद सामान को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मोबाइल, डायरी और कॉपी को तकनीकी और फोरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि इनका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जा रहा था और इनके जरिए किन लोगों से संपर्क किया गया।
जेल प्रशासन के अनुसार, रिया सिन्हा पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। उस पर अपने पति सुजीत सिन्हा के साथ मिलकर जेल के अंदर से आपराधिक नेटवर्क चलाने के आरोप भी लगे हैं। जांच एजेंसियों का मानना है कि इस मामले से कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आ सकती हैं।
अब पुलिस और जेल प्रशासन यह पता लगाने में जुटे हैं कि इतनी कड़ी सुरक्षा के बावजूद प्रतिबंधित सामान जेल तक कैसे पहुंचा। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस मामले में किसी जेल कर्मचारी या अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

