चांडिल और पटमदा में सड़क हादसे, तीन युवक गंभीर घायल, एमजीएम अस्पताल में इलाज जारी

सरायकेला-खरसावां/जमशेदपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र और पटमदा इलाके में शनिवार देर रात हुए अलग-अलग सड़क हादसों में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को इलाज के लिए जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार चांडिल थाना क्षेत्र स्थित एनएच-33 पर गोल्डी होटल के समीप एक अज्ञात ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में जमशेदपुर निवासी अभिषेक कुमार पंकज (34) और राजीव कुमार (27) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों चांडिल से अपने घर लौट रहे थे।
दुर्घटना के बाद दोनों युवक काफी देर तक सड़क पर घायल अवस्था में पड़े रहे। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक राहगीर ने मानवता का परिचय देते हुए दोनों को तत्काल एमजीएम अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में रात करीब साढ़े दस बजे से उनका इलाज शुरू किया गया। चिकित्सकों के अनुसार एक युवक के सिर में गंभीर चोट लगी है और अस्पताल पहुंचने तक वह बेहोश था।
वहीं दूसरी घटना पटमदा के कमलपुर थाना क्षेत्र के कांकीडीह गांव निवासी बासु हांसदा (20) के साथ हुई। परिजनों के अनुसार, बासु अपने साथियों के साथ पश्चिम बंगाल के बांदोवान क्षेत्र से बाइक पर घर लौट रहे थे। इसी दौरान धोबनी गांव के समीप विपरीत दिशा से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे के बाद बासु हांसदा को पहले बांदोवान सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया। रात करीब पौने 11 बजे उनका सीटी स्कैन कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार, उनके सिर में गंभीर चोट आई है और अस्पताल पहुंचने के समय वह भी बेहोश थे।
परिजनों ने बताया कि बासु की विधवा मां आर्थिक रूप से कमजोर हैं। एंबुलेंस का किराया देने में उन्हें काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। काफी समझाने-बुझाने के बाद एंबुलेंस चालक कुछ समय तक भुगतान का इंतजार करने के लिए तैयार हुआ।
इधर, पुलिस दोनों मामलों में फरार अज्ञात वाहनों की तलाश में जुटी हुई है। वहीं एमजीएम अस्पताल में तीनों घायलों का इलाज जारी है।


