57638

JSSC ने उत्पाद सिपाही परीक्षा की संशोधित अंतिम उत्तर कुंजी जारी की, तीन क्षेत्रीय भाषाओं के उत्तरों में बदलाव

खबर को शेयर करें
57638

रांची: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने उत्पाद सिपाही प्रतियोगिता परीक्षा-2023 की संशोधित अंतिम उत्तर कुंजी जारी कर दी है। यह संशोधन प्रश्नपत्र-2 के नागपुरी, खोरठा और संथाली विषयों के लिए किया गया है। आयोग ने अभ्यर्थियों से आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर नई उत्तर कुंजी देखने की अपील की है।

उत्पाद सिपाही प्रतियोगिता परीक्षा का आयोजन 12 अप्रैल 2026 को रांची, रामगढ़, खूंटी, बोकारो, धनबाद, पूर्वी सिंहभूम, देवघर और दुमका समेत आठ जिलों में किया गया था। परीक्षा के बाद आयोग ने औपबंधिक उत्तर कुंजी जारी कर अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आपत्तियां मांगी थीं। विषय विशेषज्ञ समिति की समीक्षा के बाद 1 जून 2026 को अंतिम उत्तर कुंजी प्रकाशित की गई थी।

इसके बाद नागपुरी, खोरठा और संथाली विषयों के कुछ अभ्यर्थियों ने साक्ष्यों के साथ उत्तर कुंजी पर आपत्तियां दर्ज कराईं। विषय विशेषज्ञ समिति द्वारा दोबारा समीक्षा किए जाने के बाद आयोग ने इन तीनों विषयों की अंतिम उत्तर कुंजी में संशोधन किया है।

आयोग ने सभी अभ्यर्थियों से संशोधित अंतिम उत्तर कुंजी आधिकारिक वेबसाइट पर देखने और परीक्षा से जुड़े आगामी अपडेट के लिए नियमित रूप से वेबसाइट पर नजर बनाए रखने की अपील की है।