JHARKHAND: झारखंड में 1042 नए शिक्षकों को मिलेगी नौकरी, 29 जून को सीएम हेमंत सोरेन सौंपेंगे नियुक्ति पत्र

RANCHI : झारखंड में सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया लगातार आगे बढ़ रही है. इसी कड़ी में 29 जून को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 1042 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे. इस कार्यक्रम के साथ राज्य में नियुक्त शिक्षकों की संख्या और बढ़ जाएगी.
राज्य सरकार ने वर्ष 2023 में प्राथमिक और मध्य विद्यालयों के लिए करीब 26 हजार शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू की थी. इसके तहत चरणबद्ध तरीके से नियुक्तियां की जा रही हैं. अब तक लगभग 12,500 शिक्षकों को नियुक्ति दी जा चुकी है. 29 जून को 1042 नए अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र मिलने के बाद यह आंकड़ा और बढ़ जाएगा.
शिक्षा विभाग के अनुसार, शेष रिक्त पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया भी जारी है. विभाग का लक्ष्य सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी को दूर करना और छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है. सरकार का मानना है कि नई नियुक्तियों से सरकारी विद्यालयों की शैक्षणिक व्यवस्था मजबूत होगी और विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षण का लाभ मिलेगा.

