56854

जमशेदपुर में नशा मुक्ति अभियान का समापन, मानव श्रृंखला और जागरूकता रैली के जरिए दिया गया नशा छोड़ने का संदेश

खबर को शेयर करें
56854

जमशेदपुर: मादक पदार्थों के दुष्प्रभाव के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से जिले में चलाए गए राज्यव्यापी नशा मुक्ति अभियान का शनिवार को मानव श्रृंखला और जागरूकता रैली के साथ समापन किया गया। उपायुक्त कार्यालय परिसर से शुरू होकर साकची गोलचक्कर तक निकाली गई रैली में प्रशासनिक अधिकारियों, विभिन्न विभागों के कर्मियों, विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने भाग लिया।

यह राज्यव्यापी अभियान 10 जून से 26 जून तक पूरे झारखंड में चलाया गया। अभियान के दौरान जिले के विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों, पंचायतों और शहरी क्षेत्रों में रैली, शपथ ग्रहण, नुक्कड़ नाटक, संगोष्ठी और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन गतिविधियों के माध्यम से युवाओं और आम लोगों को मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।

समापन कार्यक्रम में आयोजित मानव श्रृंखला के दौरान प्रतिभागियों ने स्वयं नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। वहीं रैली में शामिल लोगों ने नशा मुक्ति से जुड़े संदेशों वाली तख्तियां और बैनर लेकर शहरवासियों को जागरूक किया।

इस अवसर पर जिला प्रशासन के अधिकारियों ने कहा कि मादक पदार्थों पर रोक केवल कानून के सहारे संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए समाज की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल और अन्य सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने की अपील की।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने नशा मुक्त झारखंड और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प दोहराया। जिला प्रशासन ने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के जनजागरूकता अभियान लगातार चलाए जाएंगे, ताकि समाज को नशे के खतरे से सुरक्षित रखा जा सके।