56001

झारखंड: सारंडा से कोल्हान पहुंचा एक करोड़ का इनामी नक्सली मिसिर बेसरा, सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर

खबर को शेयर करें
56001

झारखंड में नक्सल विरोधी अभियान के बीच सुरक्षा एजेंसियों के सामने नई चुनौती खड़ी हो गई है। एक करोड़ रुपये का इनामी नक्सली कमांडर मिसिर बेसरा सारंडा के जंगलों से निकलकर अब कोल्हान क्षेत्र में पहुंच गया है। खुफिया इनपुट मिलने के बाद झारखंड पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, मिसिर बेसरा अपने करीबी सहयोगी अजय महतो के साथ लगातार ठिकाना बदल रहा है, जिससे सुरक्षा एजेंसियों को उसकी सटीक लोकेशन का पता लगाने में कठिनाई हो रही है।

इधर, सारंडा के जराईकेला, गोइलकेरा, छोटानागरा और आसपास के जंगलों में केंद्रीय सुरक्षा बलों तथा झारखंड पुलिस के करीब 3,000 जवान संयुक्त अभियान चला रहे हैं। ड्रोन निगरानी, आधुनिक तकनीक और खुफिया सूचनाओं के आधार पर नक्सलियों की घेराबंदी की गई थी, लेकिन अभियान के दौरान मिसिर बेसरा सुरक्षा बलों की पकड़ से बच निकलने में सफल रहा।

सूत्रों के मुताबिक, सुरक्षा बलों का दबाव बढ़ने के बाद मिसिर बेसरा ने अपने साथियों को छोटे-छोटे समूहों में बांट दिया और सारंडा से करीब 40 किलोमीटर दूर कोल्हान के जंगलों में पहुंच गया। बाद में उसके अन्य सहयोगी भी अलग-अलग रास्तों से वहां पहुंचे। यही रणनीति सुरक्षा एजेंसियों के लिए सबसे बड़ी चुनौती बनी हुई है।

खुफिया एजेंसियों की रिपोर्ट के अनुसार, नक्सली संगठन फिलहाल तीन अलग-अलग हिस्सों में सक्रिय है। एक समूह मिसिर बेसरा के नेतृत्व में कोल्हान क्षेत्र में मौजूद है, दूसरा समूह सारंडा-ओडिशा सीमा के जंगलों में सक्रिय है, जबकि तीसरा दल ओडिशा के अंदरूनी इलाकों में गतिविधियां चला रहा है। छोटे-छोटे समूहों में बंटकर काम करने की रणनीति के कारण सुरक्षा बलों का अभियान और अधिक चुनौतीपूर्ण हो गया है।