55993

Jharkhand:- लोहरदगा में वज्रपात का कहर, दो महिलाओं की मौत, आठ लोग गंभीर रूप से झुलसे

खबर को शेयर करें
55993

लोहरदगा: झारखंड के लोहरदगा जिले में शुक्रवार को आकाशीय बिजली गिरने से दो महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि आठ लोग गंभीर रूप से झुलस गए। सभी घायलों को इलाज के लिए लोहरदगा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, पहली घटना कुडू थाना क्षेत्र के सलगी कोलपारा गांव की है। यहां 48 वर्षीय घूरती उरांव खेत में काम कर रही थीं। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हुआ और वह वज्रपात की चपेट में आ गईं। घटना स्थल पर ही उनकी मौत हो गई।

वहीं दूसरी घटना बगडू थाना क्षेत्र के चरहू गांव में हुई। यहां 40 वर्षीय असीदा खातून बकरियां चराने के लिए खेत गई थीं। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरने से वह गंभीर रूप से झुलस गईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

इन घटनाओं में आठ अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों में कर्मा उरांव, सुनील उरांव, अनिल उरांव, सोमनाथ उरांव, सोनमती देवी, नीतू कुमारी, महेंद्र मुंडा और सरस्वती देवी शामिल हैं। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल लोहरदगा सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

एक साथ बड़ी संख्या में घायलों के अस्पताल पहुंचने से कुछ समय के लिए सदर अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों ने तुरंत इलाज शुरू कर सभी घायलों को आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई।

इधर, मौसम विभाग और प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। लोगों को बारिश और गरज-चमक के समय खुले मैदान, खेतों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने तथा सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी गई है।