Jamshedpur:- आजादनगर फायरिंग कांड में पुलिस को बड़ी सफलता, लगातार दबिश के बीच मुख्य आरोपी मुबारक अंसारी ने किया आत्मसमर्पण…

जमशेदपुर: आजादनगर थाना क्षेत्र के रोड नंबर-3 स्थित सिब्तैन मस्जिद के पास 1 जून 2026 को हुई फायरिंग मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले के मुख्य आरोपी मुबारक अंसारी को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गई 7.65 एमएम की पिस्तौल, एक जिंदा कारतूस और एक फायर किया हुआ खोखा बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार इस मामले में मुबारक अंसारी, मोहम्मद शफीक, तनवीर उर्फ इमरान उर्फ खेपा, महताब और तनवीर उर्फ समीर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। कार्रवाई के दौरान 13 जून 2026 को आरोपी तनवीर उर्फ इमरान उर्फ खेपा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था।
अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के विभिन्न जिलों में लगातार छापेमारी की गई। लगातार पुलिस दबिश के बीच मुख्य आरोपी मुबारक अंसारी (24 वर्ष), निवासी रहमतनगर, कपाली ने 22 जून को न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। इसके बाद पुलिस ने उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ की जिसमें उसने घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार की जानकारी दी। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने हथियार बरामद कर लिया।
पुलिस ने बताया कि मुबारक अंसारी के खिलाफ पहले से भी कपाली ओपी (चांडिल) थाना में वर्ष 2024 का एक आपराधिक मामला दर्ज है। इस मामले में उसके खिलाफ मारपीट, घर में घुसकर हमला, महिला से संबंधित अपराध तथा आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज है।

