झारखंड में UPSC-JPSC की मुफ्त कोचिंग का मौका, आदिवासी युवाओं से मांगे गए आवेदन

रांची: झारखंड सरकार ने सिविल सेवा की तैयारी कर रहे आदिवासी युवाओं के लिए बड़ी पहल की है। कल्याण विभाग के अंतर्गत संचालित डॉ. रामदयाल मुंडा जनजातीय कल्याण शोध संस्थान (टीआरआई) की ओर से यूपीएससी (UPSC) और जेपीएससी (JPSC) परीक्षाओं की तैयारी के लिए निशुल्क गैर-आवासीय कोचिंग शुरू की जा रही है।
इस योजना के तहत अनुसूचित जनजाति (एसटी) और आदिम जनजाति समूह के इच्छुक अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन पत्र टीआरआई की आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड किए जा सकते हैं। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 16 जुलाई, शाम 5 बजे निर्धारित की गई है।
इस कोचिंग में अभ्यर्थियों को देश के प्रतिष्ठित कोचिंग संस्थानों के अनुभवी शिक्षकों से मार्गदर्शन मिलेगा। चयन प्रक्रिया में आर्थिक रूप से कमजोर अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। उम्मीदवारों का चयन 10वीं, 12वीं और स्नातक परीक्षा के अंकों के साथ-साथ पहले दी गई सिविल सेवा परीक्षाओं के अनुभव के आधार पर किया जाएगा।
उधर, झारखंड राज्य खुला विश्वविद्यालय भी अगले शैक्षणिक सत्र से पांच नए कौशल विकास आधारित पाठ्यक्रम शुरू करने जा रहा है। दो दिवसीय कार्यशाला के समापन पर विश्वविद्यालय ने बताया कि इन पाठ्यक्रमों का उद्देश्य युवाओं को रोजगार के नए अवसरों के लिए तैयार करना और उन्हें कौशल विकास के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाना है।
विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. अभय कुमार सिंह ने कहा कि भविष्य में भी इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि युवाओं को रोजगार और कौशल विकास से जोड़ा जा सके। कार्यक्रम के समापन पर कार्यशाला में शामिल शिक्षकों और समन्वयकों को प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए।


