यूपी के कौशांबी में एलपीजी टैंकर में भीषण आग, टोल प्लाजा से टकराने पर 5 कर्मचारी झुलसे

उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। एलपीजी से भरा एक टैंकर सिरोही टोल प्लाजा के पास अचानक आग की चपेट में आ गया और बेकाबू होकर टोल बूथ से टकरा गया। हादसे में पांच टोल कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गए, जबकि अन्य कर्मचारियों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब साढ़े छह बजे कानपुर की ओर से आ रहा एलपीजी टैंकर सिरोही टोल प्लाजा पहुंचा था। शुरुआती आशंका है कि गैस रिसाव के कारण टैंकर में आग लग गई। आग तेजी से फैलने के चलते चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और टैंकर सीधे टोल बूथ से जा टकराया। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
टक्कर के बाद टोल बूथ भी आग की चपेट में आ गया। हादसे में वहां मौजूद पांच कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं टोल प्लाजा के पास खड़े कई दोपहिया और चारपहिया वाहन भी आग में जलकर खाक हो गए। आग और धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर तक दिखाई देता रहा।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। एहतियात के तौर पर टोल प्लाजा के आसपास के क्षेत्र को बैरिकेडिंग कर सील कर दिया गया तथा कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात रोक दिया गया।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन मामले की जांच में जुटे हैं। शुरुआती जांच में गैस रिसाव के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

