झारखंड की जेलों में होगी पूर्व सैनिकों की बहाली, 254 कक्षपाल पदों पर भर्ती शुरू

झारखंड सरकार ने राज्य की जेलों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए पूर्व सैनिकों और अर्द्धसैनिक बल के सेवानिवृत्त जवानों की संविदा आधारित नियुक्ति का दायरा बढ़ा दिया है। रांची प्रमंडल में भर्ती प्रक्रिया शुरू होने के बाद अब संथाल परगना प्रमंडल की जेलों में भी 186 कक्षपाल और महिला कक्षपाल के पदों पर बहाली की जाएगी।
संथाल परगना प्रमंडल में केंद्रीय कारा, दुमका में 42 पद (41 पुरुष और 1 महिला), मंडल कारा जामताड़ा में 39, पाकुड़ में 32, गोड्डा में 21, साहिबगंज में 18, उपकारा राजमहल में 18 तथा मंडल कारा देवघर में 16 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। इन पदों के लिए 3 सितंबर 2026 को केंद्रीय कारा, दुमका में वॉक-इन इंटरव्यू आयोजित होगा।
इससे पहले रांची प्रमंडल की जेलों में 68 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई थी। इनमें बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा, होटवार में 56, मंडल कारा गुमला में 3, मंडल कारा सिमडेगा में 7 और उपकारा खूंटी में 2 पद शामिल हैं। इन पदों के लिए 4 जुलाई 2026 को बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा, होटवार में वॉक-इन इंटरव्यू होगा।
सरकार जल्द ही राज्य की अन्य जेलों में भी इसी तरह की भर्ती प्रक्रिया शुरू करेगी। दोनों चरणों को मिलाकर कुल 254 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
चयनित अभ्यर्थियों को 20 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जाएगा। नियुक्ति प्रारंभिक तौर पर एक वर्ष के लिए संविदा पर होगी, जिसे आवश्यकता के अनुसार आगे बढ़ाया जा सकेगा। साथ ही हर वर्ष मानदेय में 8 प्रतिशत वृद्धि का भी प्रावधान रखा गया है।
सरकार का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य जेलों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करना तथा लंबे समय से रिक्त पड़े पदों को जल्द भरना है।

