Jamshedpur Breaking:- परसुडीह के हलुदबानी तालाब में मिला अज्ञात शव, इलाके में सनसनी, पहचान और मौत के कारण की जांच में जुटी पुलिस…

जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र स्थित हलुदबानी पारा टोला में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब अभिनाश तालाब में एक अज्ञात व्यक्ति का शव तैरता हुआ मिला। शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार, रोज की तरह सुबह कुछ महिलाएं तालाब में स्नान करने पहुंची थीं। इसी दौरान उनकी नजर पानी में तैर रहे शव पर पड़ी। महिलाओं के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत इसकी सूचना परसुडीह थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया। इसके बाद पंचनामा की प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शव दो से तीन दिन पुराना प्रतीत हो रहा था और उससे दुर्गंध भी आने लगी थी। हालांकि अब तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है और न ही किसी स्थानीय व्यक्ति ने उसे पहचानने का दावा किया है।
फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान करने और मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। घटना के बाद हलुदबानी और आसपास के इलाकों में चर्चा और दहशत का माहौल है।

