55375

Jamshedpur:- एमजीएम अस्पताल में हंगामा, महिला डॉक्टर पर मरीज के परिजन को थप्पड़ मारने का आरोप…

खबर को शेयर करें
55375

जमशेदपुर के मानगो स्थित एमजीएम अस्पताल में गुरुवार सुबह उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब मरीज के परिजनों ने ड्यूटी पर तैनात एक महिला डॉक्टर पर दुर्व्यवहार और थप्पड़ मारने का आरोप लगाया। घटना के बाद कुछ देर तक अस्पताल परिसर में तनाव का माहौल बना रहा।

जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 6:15 बजे गायनिक विभाग के ऑपरेशन थिएटर (ओटी) के बाहर एक मरीज का परिजन मौजूद था। इसी दौरान महिला डॉक्टर ने उससे पूछा कि वह ऑपरेशन थिएटर में क्यों झांक रहा था। परिजन का कहना है कि वह ओटी के अंदर नहीं गया था, बल्कि बाहर खड़े होकर बातचीत कर रहा था।

इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर महिला डॉक्टर ने परिजन को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद परिजन और उनके साथ मौजूद लोग नाराज हो गए तथा अस्पताल में हंगामा करते हुए संबंधित डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे।

हंगामे की सूचना मिलते ही अस्पताल के सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर स्थिति को शांत कराया। हालांकि घटना के बाद भी परिजनों में नाराजगी बनी रही और उन्होंने मामले की शिकायत करने की बात कही।

फिलहाल, देर शाम तक इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी। जांच या शिकायत के बाद ही पूरे मामले की आधिकारिक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।