340 नए जवान झारखंड पुलिस में हुए शामिल, मुख्यमंत्री ने दिलाई शपथ और दिए अहम निर्देश

रांची के डोरंडा स्थित जैप-1 मैदान में आयोजित पारण परेड समारोह-2026 के दौरान 4 डीएसपी और 336 आरक्षियों को औपचारिक रूप से झारखंड पुलिस बल में शामिल किया गया। नए जवानों में 255 पुरुष और 81 महिला आरक्षी शामिल हैं।
समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने परेड का निरीक्षण किया, शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की और प्रशिक्षण के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जवानों को सम्मानित किया। बारिश के बावजूद प्रशिक्षुओं ने शानदार मार्चपास्ट और अनुशासित कदमताल का प्रदर्शन किया। इसके बाद सभी नवनियुक्त जवानों ने देश, संविधान और जनता की सेवा करने की शपथ ली।
मुख्यमंत्री ने कहा कि करीब 30 सप्ताह के कठिन प्रशिक्षण के बाद जवानों को यह जिम्मेदारी मिली है। उन्होंने इस बैच में महिलाओं की अच्छी भागीदारी पर खुशी जताते हुए कहा कि राज्य सरकार हर क्षेत्र में महिलाओं और पुरुषों की समान भागीदारी सुनिश्चित करना चाहती है।
उन्होंने नवनियुक्त पुलिसकर्मियों से कहा कि पुलिस की वर्दी सिर्फ एक नौकरी नहीं, बल्कि सेवा, जिम्मेदारी और त्याग का प्रतीक है। प्रशिक्षण के दौरान सीखी गई बातों का असर अब कानून व्यवस्था को मजबूत करने और अपराध पर नियंत्रण में दिखाई देना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य सरकार पुलिस विभाग के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है। पुलिसकर्मियों के बच्चों के लिए आधुनिक आवासीय विद्यालय और पुलिस बल के लिए बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं विकसित करने की योजना पर भी काम चल रहा है।
इस अवसर पर झारखंड की डीजीपी सहित पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने सभी नव नियुक्त अधिकारियों और जवानों को शुभकामनाएं देते हुए पूरी ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के साथ सेवा करने का आह्वान किया।

