Ranchi/ Jharkhand:- गैस संकट के बीच नियमों की अनदेखी, होम डिलीवरी के बजाय घंटों लाइन में खड़े होने को मजबूर हुए उपभोक्ता..

युद्ध के दौरान देशभर में एलपीजी आपूर्ति प्रभावित होने के बाद सरकार ने गैस वितरण को लेकर सख्त दिशा-निर्देश जारी किए थे। स्पष्ट आदेश था कि बुकिंग कराने वाले उपभोक्ताओं को तय समय सीमा के भीतर उनके पंजीकृत पते पर ही गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी की जाएगी, ताकि लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
लेकिन राजधानी रांची में एक गैस एजेंसी पर इन सरकारी निर्देशों की अनदेखी करने का आरोप लगा है। पुलिस जांच में सामने आया है कि ऑनलाइन बुकिंग के बावजूद कई उपभोक्ताओं को समय पर होम डिलीवरी नहीं दी गई। निर्धारित समय बीतने के बाद ग्राहकों को यह कहकर एजेंसी बुलाया जाता था कि उनका डिलीवरी कोड समाप्त हो गया है। इसके बाद लोगों को गैस लेने के लिए वितरण केंद्र पर लंबी-लंबी कतारों में घंटों इंतजार करना पड़ता था।
जांच के दौरान दर्ज गवाहों के बयान में भी इन अनियमितताओं की पुष्टि हुई है। पुलिस ने पाया कि कंपनी के नियमों के अनुसार उपभोक्ताओं के घर तक गैस सिलेंडर पहुंचाना अनिवार्य था और एजेंसी को इस नियम से किसी प्रकार की छूट नहीं दी गई थी।
मामले में आवश्यक वस्तु अधिनियम और सरकारी आदेश के उल्लंघन के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नियमों की अनदेखी किस स्तर तक हुई और इससे कितने उपभोक्ता प्रभावित हुए।

