55344

बोकारो ट्रेजरी घोटाला: SIT का बड़ा खुलासा, होमगार्ड जवान लेता था 10% कमीशन, ASI के खाते में भी पहुंचे लाखों रुपये

खबर को शेयर करें
55344

बोकारो ट्रेजरी घोटाले की जांच कर रही सीआईडी की विशेष जांच टीम (SIT) ने बड़ा खुलासा किया है। जांच में सामने आया है कि बोकारो एसपी कार्यालय की अकाउंट शाखा में प्रतिनियुक्त होमगार्ड जवान सतीश कुमार घोटाले की रकम को अपने बैंक खाते में मंगवाकर उसे निकालकर मुख्य आरोपी तक पहुंचाने के बदले 10 प्रतिशत कमीशन लेता था।

SIT के अनुसार, सतीश कुमार के खाते में करीब 1.08 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए गए थे। जांच में यह भी सामने आया कि उसे इस बात की पूरी जानकारी थी कि यह रकम ट्रेजरी घोटाले से जुड़ी हुई है। शुरुआती जांच के दौरान उसके खाते से जुड़े करीब 43 लाख रुपये फ्रीज भी किए गए।

जांच एजेंसी ने 27 अप्रैल को सतीश कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की थी। बाद में उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया, जहां वह फिलहाल बंद है।

SIT की जांच में यह भी खुलासा हुआ कि बोकारो एसपी कार्यालय की अकाउंट शाखा में तैनात ASI अशोक कुमार भंडारी भी इस घोटाले में शामिल था। बैंक खातों की जांच में पता चला कि मुख्य आरोपी लेखापाल कौशल पांडेय ने अशोक भंडारी के खाते में भी करीब 42 लाख रुपये ट्रांसफर किए थे।

SIT का कहना है कि जांच लगातार जारी है और घोटाले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी गहराई से पड़ताल की जा रही है।