जमशेदपुर में फिर लहराया अवैध हथियार का खौफ!! बर्मामाइंस में ट्रक चालकों से हथियार के बल पर वसूली की कोशिश, युवक को लोगों ने दबोचा

जमशेदपुर के बर्मामाइंस थाना क्षेत्र स्थित ईस्ट प्लांट बस्ती के पास गुरुवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक युवक पर ट्रक चालक से हथियार के बल पर पैसे वसूलने और उसके साथ मारपीट करने का आरोप लगा। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए।
स्थानीय लोगों के अनुसार युवक ने एक ट्रक चालक को रोककर उससे पैसे मांगने की कोशिश की। आरोप है कि विरोध करने पर चालक के साथ मारपीट भी की गई। युवक के पास हथियार होने की बात सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। हालांकि स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए आरोपी युवक को मौके पर ही पकड़ लिया और इसकी सूचना बर्मामाइंस थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों की पकड़ में आए युवक को अपने कब्जे में लेकर थाने ले गई।
यह घटना एक बार फिर शहर में बढ़ते अपराध और अवैध हथियारों की उपलब्धता पर गंभीर सवाल खड़े करती है। हाल के महीनों में बर्मामाइंस समेत शहर के विभिन्न इलाकों में अपराध और हथियारों से जुड़े मामलों की खबरें सामने आती रही हैं।
सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर जमशेदपुर में अवैध हथियारों की पहुंच इतनी आसान कैसे हो रही है? क्या अपराधियों में कानून का डर कम हो रहा है या फिर अवैध हथियारों के नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई की जरूरत है? यह घटना पुलिस और प्रशासन के लिए भी चिंता का विषय बन गई है।
फिलहाल पुलिस आरोपी युवक से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है।


