54627

Jamshedpur News: मानगो विशाल मेगा मार्ट के सामने भीषण सड़क हादसा, नाबालिग बाइक सवारों की टक्कर से ब्लिंकिट कर्मचारी घायल

खबर को शेयर करें
54627

नाबालिग बच्चों के हाथों में वाहन सौंपने का क्या अंजाम हो सकता है इसका ताजा उदाहरण फ़िर एक बार जमशेदपुर के मानगो में देखने को मिला।

जमशेदपुर के मानगो स्थित विशाल मेगा मार्ट के ठीक सामने गुरुवार शाम उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया जब एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में एक ब्लिंकिट कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनके सिर पर चोट लगने से वे कुछ समय के लिए बेहोश भी हो गए।

जानकारी के अनुसार, सरायकेला जिले के रहने वाले दो नाबालिग लड़के स्प्लेंडर बाइक पर सवार होकर वहां से गुजर रहे थे। इसी दौरान ब्लिंकिट के एक कर्मचारी अपनी स्कूटी मोड़ रहे थे, वहीं एक कार चालक भी वाहन घुमाने की कोशिश कर रहा था। बताया जा रहा है कि बाइक सवार नाबालिगों को लगा कि वे कार और स्कूटी के बीच से अपनी बाइक निकाल लेंगे, लेकिन इसी प्रयास में उनकी स्प्लेंडर बाइक स्कूटी से जा टकराई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी सवार कर्मचारी सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर में गंभीर चोट लग गई। चोट लगने के कारण वे कुछ देर तक बेहोश रहे, जिससे मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए घायल कर्मचारी को सड़क से उठाकर सुरक्षित स्थान पर बैठाया और उन्हें पानी पिलाया। कुछ देर बाद उन्हें होश आया।

घटना की सूचना मिलते ही आजादनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस दोनों नाबालिग बाइक चालकों को अपने साथ थाना ले गई।

यह घटना एक बार फिर नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के बढ़ते चलन और सड़क सुरक्षा नियमों की खुलेआम अनदेखी को उजागर करती है।