1000264733

NCERT की कक्षा 9 की किताब में पहली बार शामिल हुआ इमरजेंसी का अध्याय, लोकतंत्र की बड़ी चुनौती के रूप में किया गया वर्णन

खबर को शेयर करें
1000264733

NEW DELHI : राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (NCERT) ने पहली बार कक्षा 9 की सामाजिक विज्ञान की पाठ्यपुस्तक में वर्ष 1975-77 के आपातकाल (Emergency) को शामिल किया है। नई किताब में इमरजेंसी को भारतीय लोकतंत्र के सामने आई सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक बताया गया है। यह बदलाव ऐसे समय में किया गया है जब वर्ष 2025-26 में देश इमरजेंसी लागू होने के 50 वर्ष पूरे होने के दौर से गुजर रहा है।

राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के तहत पाठ्यक्रम में किए जा रहे बदलावों के क्रम में NCERT की नई सामाजिक विज्ञान पुस्तक ‘अंडरस्टैंडिंग सोसाइटी: इंडिया एंड बियॉन्ड’ के अध्याय 6 में इमरजेंसी पर विस्तृत चर्चा की गई है।

पुस्तक में उल्लेख किया गया है कि 1970 के दशक की शुरुआत में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के नेतृत्व वाली सरकार के प्रति लोगों में असंतोष बढ़ रहा था। बढ़ती बेरोजगारी महंगाई और कथित कुशासन के खिलाफ देश के विभिन्न हिस्सों में बड़े पैमाने पर विरोध-प्रदर्शन हुए। इसके बाद जून 1975 में आंतरिक अशांति का हवाला देते हुए देश में आपातकाल लागू किया गया।

किताब के अनुसार इमरजेंसी के दौरान कई मौलिक अधिकारों को निलंबित कर दिया गया था प्रेस पर सेंसरशिप लगाई गई थी तथा अनेक राजनीतिक नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया था। इस अवधि में लोकतांत्रिक संस्थाओं पर दबाव बढ़ा और नागरिक स्वतंत्रताओं पर प्रतिबंध लगाए गए।

पाठ्यपुस्तक में लोकनायक जयप्रकाश नारायण की भूमिका का भी विशेष उल्लेख किया गया है। इसमें बताया गया है कि उनके नेतृत्व में बिहार और गुजरात समेत कई राज्यों में बड़े जनआंदोलन हुए जिनमें छात्रों और आम नागरिकों की व्यापक भागीदारी रही। वर्ष 1977 में इमरजेंसी समाप्त होने के बाद हुए आम चुनावों में जनता ने मतदान के जरिए अपनी राय व्यक्त की और सत्ता परिवर्तन हुआ जिसे भारतीय लोकतंत्र की मजबूती का प्रतीक बताया गया है।

अब तक इमरजेंसी का विषय मुख्य रूप से कक्षा 12 की राजनीति विज्ञान की पुस्तकों में पढ़ाया जाता था। पहली बार इसे कक्षा 9 के पाठ्यक्रम में शामिल करने का उद्देश्य छात्रों को लोकतांत्रिक मूल्यों संवैधानिक अधिकारों और भारत के समकालीन इतिहास की बेहतर समझ प्रदान करना बताया गया है।