54434

सरायकेला में स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा, उपायुक्त ने गुणवत्तापूर्ण इलाज सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

खबर को शेयर करें
54434

सरायकेला: जिला समाहरणालय सभागार में गुरुवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नीतीश कुमार सिंह की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थानों में बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने, स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि जिले के सभी सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में आम लोगों को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण और समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्वास्थ्य विभाग की सभी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए।

उपायुक्त ने आयुष्मान भारत योजना के तहत अधिक से अधिक लोगों का आयुष्मान कार्ड बनाने पर जोर दिया। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में टेलीमेडिसिन सेवाओं को प्रभावी बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि दूरदराज के मरीजों को विशेषज्ञ डॉक्टरों की सलाह आसानी से उपलब्ध कराई जाए।

बैठक में सभी स्वास्थ्य संस्थानों में डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि प्रतिदिन उपस्थिति की निगरानी की जाए और बिना अनुमति अनुपस्थित पाए जाने वाले कर्मियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

कायाकल्प योजना के तहत अस्पतालों की साफ-सफाई, संक्रमण नियंत्रण और मेंटेनेंस फंड के उपयोग की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी अस्पतालों में आवश्यक दवाओं का पर्याप्त भंडार उपलब्ध रहे तथा एक्सपायरी दवाओं के सुरक्षित निस्तारण और दवा भंडारण की नियमित निगरानी की जाए।

बैठक के दौरान जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को लेकर दो नई एक्स-रे मशीनों की आवश्यकता पर चर्चा की गई। इसके अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नीमडीह के नवीकरण संबंधी प्रस्ताव पर भी विचार-विमर्श किया गया, ताकि क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

समीक्षा बैठक में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, सिविल सर्जन डॉ. सरयू प्रसाद सिंह, विभिन्न प्रखंडों के चिकित्सा पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक समेत स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाने और योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।