DVC का बड़ा फैसला: 26 जून तक पंचेत डैम रोड बंद, चिरकुंडा-बराकर और मैथन मार्ग से करें यात्रा

धनबाद: दामोदर घाटी निगम (DVC) ने पंचेत जल विद्युत केंद्र में चल रहे मरम्मत और आधुनिकीकरण कार्य को देखते हुए पंचेत डैम मार्ग को अस्थायी रूप से बंद करने का निर्णय लिया है। इस संबंध में DVC द्वारा आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है।
जारी आदेश के अनुसार 25 और 26 जून को सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक पंचेत डैम रोड पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। यह प्रतिबंध झारखंड स्थित जीरो पॉइंट से लेकर पश्चिम बंगाल के चेक पोस्ट तक प्रभावी रहेगा। इस दौरान कार, बाइक, बस और मालवाहक वाहनों सहित सभी प्रकार के वाहनों के परिचालन पर रोक रहेगी।
DVC अधिकारियों के अनुसार पंचेत जल विद्युत केंद्र में भारी मशीनरी और उपकरणों को सुरक्षित तरीके से कार्यस्थल तक पहुंचाने तथा मरम्मत कार्य को बिना किसी बाधा के पूरा करने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है।
पंचेत डैम मार्ग झारखंड और पश्चिम बंगाल को जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है, जिससे प्रतिदिन हजारों लोग आवागमन करते हैं। मार्ग बंद होने से धनबाद, निरसा, चिरकुंडा, पुरुलिया और बांकुड़ा जाने वाले यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है। साथ ही यात्रा में अतिरिक्त समय और खर्च भी बढ़ सकता है।
DVC ने यात्रियों और वाहन चालकों को चिरकुंडा-बराकर मार्ग तथा मैथन मार्ग जैसे वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करने की सलाह दी है। विभाग ने अस्थायी असुविधा के लिए खेद व्यक्त करते हुए कहा है कि मरम्मत और आधुनिकीकरण का कार्य पूरा होते ही मार्ग को पुनः खोल दिया जाएगा।

