जमशेदपुर: महिला शिक्षिका का पर्स झपटने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, नकदी और मोबाइल बरामद

जमशेदपुर: सोनारी थाना क्षेत्र में महिला शिक्षिका से पर्स झपटने की घटना का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धातकीडीह बी-ब्लॉक रोड नंबर-4 निवासी मोहम्मद वसीम खान (29) और शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर-2 निवासी मोहम्मद आरजू (26) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर एक महिला शिक्षिका सोनारी के जी रोड से गुजर रही थीं। इसी दौरान स्कूटी पर सवार दो युवक पीछे से आए और उनके हाथ से पर्स झपटकर कदमा की ओर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उनके पर्स में करीब 2,500 रुपये नकद, एक मोबाइल फोन तथा कई जरूरी दस्तावेज रखे हुए थे। उन्होंने शोर मचाकर आसपास के लोगों से मदद की अपील की, लेकिन तब तक आरोपी मौके से भाग चुके थे।
घटना की सूचना मिलते ही सोनारी थाना पुलिस सक्रिय हुई और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दोनों आरोपी और उनकी स्कूटी स्पष्ट रूप से दिखाई देने के बाद पुलिस ने उनकी पहचान कर छापेमारी अभियान चलाया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से महिला का मोबाइल फोन, नकदी और अन्य सामान भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

