Jamshedpur Breaking:- मानगो बाजार में डेढ़ महीने से बिजली तार चोरों का आतंक, बार-बार चोरी से दुकानदार परेशान, पुलिस और बिजली विभाग पर उठे सवाल…

जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र स्थित मानगो बाजार में पिछले डेढ़ महीने से बिजली के तारों की लगातार हो रही चोरी ने दुकानदारों की परेशानी बढ़ा दी है। आए दिन हो रही इस घटना से व्यापारियों में नाराजगी है और उन्होंने पुलिस तथा बिजली विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

स्थानीय दुकानदारों के अनुसार, चोर देर रात बाजार क्षेत्र में पहुंचकर दुकानों के बाहर लगे बिजली विभाग के तार काटकर ले जाते हैं। चोरी की घटना के बाद बिजली विभाग की ओर से नए तार लगाए जाते हैं लेकिन कुछ ही दिनों बाद फिर से तार चोरी हो जाते हैं। लगातार हो रही इस चोरी से बाजार की बिजली व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।

व्यापारियों का कहना है कि इस संबंध में कई बार मानगो थाना में शिकायत की गई है लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि न तो रात में पुलिस गश्त बढ़ाई गई है और न ही चोरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए कोई विशेष अभियान चलाया गया है। कार्रवाई नहीं होने के कारण चोरों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं।
दुकानदारों ने बिजली विभाग के कुछ कर्मचारियों पर भी आरोप लगाया है। उनका कहना है कि हर बार तार चोरी होने के बाद नए तार लगाने के नाम पर उनसे पैसे मांगे जाते हैं जिससे उन्हें अतिरिक्त आर्थिक बोझ उठाना पड़ रहा है। व्यापारियों का कहना है कि वे चोरी के शिकार हैं फिर भी उन्हें ही बार-बार भुगतान करने के लिए मजबूर किया जा रहा है।
स्थानीय दुकानदारों ने जिला प्रशासन पुलिस विभाग और बिजली विभाग से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने रात में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा बिना अतिरिक्त शुल्क के क्षतिग्रस्त तारों को बदलकर बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की है।
लगातार हो रही इन घटनाओं से मानगो बाजार के व्यापारियों में असुरक्षा का माहौल है। उनका कहना है कि यदि जल्द प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।


