52642

मोहर्रम को लेकर जमशेदपुर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, 13 सुपर जोन में बंटा शहर, 1400 से अधिक जवान रहेंगे तैनात

खबर को शेयर करें
52642

जमशेदपुर में मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। 26 और 27 जून को निकलने वाले ताजिया और अखाड़ा जुलूस को देखते हुए पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

प्रशासन ने पूरे जिले को 13 सुपर जोन में विभाजित किया है, जहां वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार निगरानी करेंगे। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 190 मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। वहीं सुरक्षा के लिए कुल 1401 पुलिसकर्मी ड्यूटी पर रहेंगे, जिनमें 849 सशस्त्र जवान और 28 महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।

प्रशासन की ओर से सोशल मीडिया पर भी विशेष नजर रखी जाएगी। अफवाह फैलाने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। साथ ही अखाड़ा समितियों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई है।

मोहर्रम जुलूस के दौरान शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। साकची, मानगो, आजादनगर, टेल्को, बारीनगर और बिष्टूपुर क्षेत्र में वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं, ताकि जुलूस के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।

इसके अलावा 26 जून दोपहर 1 बजे से 27 जून सुबह 3 बजे तक यात्री बसों को छोड़कर सभी भारी और मालवाहक वाहनों के शहर में प्रवेश पर रोक रहेगी। प्रशासन ने कहा है कि आवश्यकता पड़ने पर जुलूस मार्गों पर कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह बंद भी किया जा सकता है।

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे जारी ट्रैफिक निर्देशों का पालन करें और किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें, ताकि मोहर्रम का पर्व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।