कोलकाता में बड़ा हादसा: निर्माणाधीन गोदाम की छत ढही, 5 मजदूरों की मौत; दर्जनों के फंसे होने की आशंका

KOLKATA : पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के तारातला इलाके में बुधवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यहां निर्माणाधीन गोदाम की छत अचानक गिरने से कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई जबकि कई अन्य मजदूर घायल हो गए। अधिकारियों के अनुसार मलबे के नीचे अब भी दर्जनों लोगों के फंसे होने की आशंका है।
जानकारी के मुताबिक हादसे के समय गोदाम में करीब 50 से 60 मजदूर काम कर रहे थे। इसी दौरान निर्माणाधीन ढांचे की छत अचानक भरभराकर गिर गई जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई और कई मजदूर मलबे के नीचे दब गए।
घटना की सूचना मिलते ही कोलकाता पुलिस फायर ब्रिगेड डिजास्टर मैनेजमेंट टीम और सेना के जवान मौके पर पहुंच गए। संयुक्त रूप से चलाए जा रहे राहत एवं बचाव अभियान में अब तक 13 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है जबकि अन्य लोगों की तलाश जारी है।

घटनास्थल पर पहुंचे राज्य सरकार के मंत्री इंद्रनील खान ने बताया कि प्रशासन की पहली प्राथमिकता मलबे में फंसे लोगों को जल्द से जल्द सुरक्षित निकालना है। उन्होंने कहा कि बचाव अभियान युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है और सभी संबंधित एजेंसियां राहत कार्य में जुटी हुई हैं।
मंत्री ने प्रारंभिक जांच के आधार पर दावा किया कि संबंधित गोदाम का निर्माण अवैध रूप से किया जा रहा था। हादसे के कारणों की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। प्रशासन ने आशंका जताई है कि मलबे के नीचे अभी भी कई लोग दबे हो सकते हैं जिसके चलते राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में शोक और चिंता का माहौल है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया है।

