Bihar: भागलपुर में गंगा स्नान के दौरान बड़ा हादसा, चार सगी बहनों समेत पांच किशोरियां डूबीं

भागलपुर: बिहार के भागलपुर जिले में बुधवार सुबह गंगा स्नान के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। वासुदेवपुर थाना क्षेत्र के श्यामपुर बकचपरा गंगा घाट पर स्नान करने गई चार सगी बहनों समेत पांच किशोरियां गंगा की तेज धारा में डूब गईं। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, बकचपरा निवासी क्रांति पासवान की पुत्रियां संगीता कुमारी, बिनीता कुमारी, संध्या कुमारी और सोनम कुमारी के साथ पड़ोसी चमन लाल पासवान की पुत्री हिना कुमारी सुबह गंगा स्नान और गंगाजल लेने घाट पहुंची थीं। इसी दौरान सभी किशोरियां गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं।
घटना की सूचना मिलते ही वासुदेवपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की टीम को बुलाया गया। पुलिस और बचाव दल ने तुरंत राहत एवं बचाव अभियान शुरू करते हुए गंगा में लापता किशोरियों की तलाश शुरू कर दी।
काफी मशक्कत के बाद बचाव दल ने संगीता कुमारी को गंगा से बाहर निकाला, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं अन्य चार किशोरियां अब भी लापता हैं, जिनकी तलाश जारी है।
इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन ने बताया कि लापता किशोरियों की तलाश के लिए एसडीआरएफ और गोताखोरों की टीम युद्धस्तर पर अभियान चला रही है।

