Jharkhand : लोहरदगा में फर्नीचर शोरूम में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख

लोहरदगा: जिले के कुडू थाना क्षेत्र स्थित कुंदो मोड़ के पास एक फर्नीचर शोरूम में मंगलवार देर रात भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरे शोरूम को अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना में लाखों रुपये मूल्य का फर्नीचर जलकर राख हो गया। शोरूम संचालक ने करीब 10 से 15 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया है।
जानकारी के अनुसार, आग लगने के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया। हालांकि आग की लपटें काफी तेज होने के कारण स्थिति पर तुरंत काबू नहीं पाया जा सका। घटना की सूचना मिलते ही लोहरदगा अग्निशमन विभाग की टीम मौके के लिए रवाना हुई और काफी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया।
आग की चपेट में आने से शोरूम में रखा सोफा सेट, पलंग, कुर्सियां समेत अन्य फर्नीचर पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। बताया जा रहा है कि लोहरदगा से कुडू की दूरी लगभग 20 किलोमीटर होने के कारण दमकल वाहन को घटनास्थल तक पहुंचने में कुछ समय लगा।
घटना की सूचना मिलने पर कुडू थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। शोरूम संचालक ने थाना में लिखित आवेदन देकर हुए नुकसान की जानकारी दी है।
कुडू थाना प्रभारी अजीत कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाने का प्रयास जारी है।

