45675

सरायकेला-टाटा मुख्य मार्ग पर दर्दनाक हादसा, स्कूटी सवार महिला की मौत, लोगों में आक्रोश…

खबर को शेयर करें
45675

सरायकेला-टाटा मुख्य मार्ग पर बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार महिला की मौत हो गई। यह घटना जिला समाहरणालय के समीप टीवीएस शोरूम के पास हुई जहां अज्ञात वाहन की चपेट में आने से सुलेखा महतो ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भीषण था कि महिला को संभलने का मौका तक नहीं मिला। दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि दुर्घटना में शामिल वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। लोगों का कहना है कि सरायकेला-टाटा मुख्य मार्ग की स्थिति लंबे समय से बेहद खराब है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और उखड़ी हुई सतह के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। इसके अलावा ओवरलोड वाहनों की आवाजाही भी हादसों की एक बड़ी वजह बन रही है।

स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई। उनका कहना है कि प्रशासन और संबंधित विभाग की लापरवाही के कारण लोगों की जान जा रही है।

लोगों ने प्रशासन से सड़क की जल्द मरम्मत कराने ओवरलोड वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा दुर्घटना संभावित स्थानों पर स्पीड ब्रेकर और चेतावनी संकेतक लगाने की मांग की है। लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है। उनका कहना है कि यदि जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए तो ऐसे हादसे आगे भी होते रहेंगे।