Jamshedpur:- साकची बाजार में पैसे नहीं देने पर युवक ने ग्राहक पर किया हमला, आरोपी गिरफ्तार

जमशेदपुर: साकची थाना क्षेत्र के बसंत टॉकीज के पास मंगलवार को पैसे मांगने को लेकर हुए विवाद में एक युवक ने ग्राहक पर हमला कर दिया। घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया।
जानकारी के अनुसार, मानगो के टैंक रोड निवासी शत्रुघ्न गोप खरीदारी करने साकची बाजार पहुंचे थे। बाजार में खरीदारी के बाद वह एक चने की दुकान पर नाश्ता कर रहे थे। इसी दौरान वहां पहुंचे एक युवक ने उनसे पैसे मांगने शुरू कर दिए। जब शत्रुघ्न गोप ने पैसे देने से इनकार किया तो युवक ने गुस्से में आकर टाइल्स के नुकीले टुकड़े से उन पर हमला कर दिया।
हमले में शत्रुघ्न गोप के हाथ, पैर और गर्दन सहित शरीर के कई हिस्सों में चोटें आईं। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप कर स्थिति को संभाला और तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर बसंत चौक पर तैनात पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और आरोपी युवक को पकड़कर थाना ले गए। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना नाम बान्दर पात्रो बताया, जो देव नगर का रहने वाला है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी युवक नशे का आदी है और अक्सर क्षेत्र में विवाद तथा मारपीट की घटनाओं में शामिल रहता है। फिलहाल साकची थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

