जेपीएल फाइनल में अव्यवस्था, जेएससीए स्टेडियम के वेस्ट गेट पर मची अफरा-तफरी, कई दर्शक घायल

रांची: जेपीएल क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले के दौरान मंगलवार शाम रांची के धुर्वा स्थित जेएससीए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था चरमरा गई। स्टेडियम के वेस्ट गेट पर भारी भीड़ जुटने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जिसमें कई दर्शकों के घायल होने की सूचना है।
फाइनल मैच को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में काफी उत्साह था। दोपहर से ही बड़ी संख्या में दर्शक स्टेडियम पहुंचने लगे थे। शाम तक वेस्ट गेट के बाहर लोगों की लंबी कतार लग गई। प्रवेश के दौरान सुरक्षा जांच की प्रक्रिया धीमी होने के कारण भीड़ लगातार बढ़ती गई, जिससे स्थिति बिगड़ गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्टेडियम में प्रवेश करने की कोशिश में पीछे से भीड़ का दबाव बढ़ने लगा। इसके बाद लोगों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई और कुछ लोग गिर पड़े। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
अव्यवस्था से नाराज दर्शकों ने सुरक्षा इंतजामों पर सवाल उठाते हुए विरोध जताया। इस दौरान वेस्ट गेट पर लगी बैरिकेडिंग को नुकसान पहुंचाया गया और गेट के पास तोड़फोड़ की घटना भी सामने आई।
घटना की सूचना मिलते ही सुरक्षा कर्मी सक्रिय हुए और स्टेडियम परिसर में अतिरिक्त बल तैनात किया गया। अधिकारियों के अनुसार फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। हालांकि, इतनी बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने के बावजूद पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने को लेकर आयोजन प्रबंधन पर सवाल उठ रहे हैं।

