पंचम्बा थाना प्रभारी पर प्रताड़ना का आरोप, एसपी से लगाई न्याय की गुहार

GIRIDIH : गिरिडीह जिले के पंचम्बा थाना क्षेत्र स्थित जगमनरायडीह निवासी मो. जैनुल मियां ने पुलिस अधीक्षक (SP) डॉ. विमल कुमार को लिखित शिकायत सौंपकर न्याय की मांग की है। शिकायत में उन्होंने पंचम्बा थाना प्रभारी राजीव कुमार पर लगातार घर आकर परेशान करने अभद्र व्यवहार करने और परिवार पर दबाव बनाने का गंभीर आरोप लगाया है।
मो. जैनुल मियां के अनुसार बीते 20 जून से थाना प्रभारी सुबह और शाम उनके घर पहुंच रहे हैं तथा उनके छह बेटों को थाना लाने के लिए दबाव बना रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस दौरान थाना प्रभारी द्वारा गाली-गलौज और अभद्र भाषा का प्रयोग किया जाता है। साथ ही यह भी कहा जाता है कि यदि उनके बेटों को थाना नहीं लाया गया तो पुलिस लगातार उनके घर आती रहेगी।
शिकायतकर्ता का कहना है कि मोहर्रम पर्व के दौरान पुलिस की बार-बार आवाजाही से पूरा परिवार मानसिक तनाव का सामना कर रहा है। उन्होंने बताया कि 21 जून की शाम करीब सात बजे वह स्वयं पंचम्बा थाना पहुंचे और थाना प्रभारी से यह जानने का प्रयास किया कि उनके बेटों के खिलाफ कोई शिकायत या मामला दर्ज है या नहीं। लेकिन उन्हें कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई।
जैनुल मियां का आरोप है कि थाना प्रभारी ने उन्हें फटकार लगाते हुए पहले सभी बेटों को थाना लाने को कहा और उसके बाद ही किसी मामले की जानकारी देने की बात कही। इस व्यवहार से वह और उनका परिवार खुद को असहज और प्रताड़ित महसूस कर रहा है।
मो. जैनुल मियां ने एसपी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने सच्चाई सामने लाने और परिवार को कथित प्रताड़ना से राहत दिलाने की मांग की है।
वहीं इस मामले में पंचम्बा थाना या जिला पुलिस प्रशासन की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। शिकायत के बाद अब सभी की नजर एसपी कार्यालय की कार्रवाई पर टिकी हुई है।


