मुहर्रम को लेकर चांडिल प्रशासन अलर्ट, शांति समिति की बैठक में दिए गए आवश्यक निर्देश…

चांडिल : मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर चांडिल अनुमंडल प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी को लेकर मंगलवार को अनुमंडल सभागार में एसडीओ की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और शांति समिति के सदस्य मौजूद रहे।
बैठक में एसडीओ ने बताया कि 26 जून को मुहर्रम पर्व मनाया जाएगा। पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, आपसी भाईचारा कायम रखने और जुलूस को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
उन्होंने लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाहों से दूर रहने और सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक संदेश साझा नहीं करने की अपील की। साथ ही कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों, अंचल अधिकारियों और थाना प्रभारियों को निर्देश दिया गया कि कर्बला, ताजिया जुलूस मार्ग और अन्य कार्यक्रम स्थलों पर पेयजल समेत आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
एसडीओ ने लोगों से मुहर्रम का पर्व भाईचारे, शांति और सद्भाव के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी धर्मों का सम्मान करते हुए त्योहार को सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया जाए।
प्रशासन की ओर से बताया गया कि मुहर्रम के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जाएंगे। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी, ताकि पर्व शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके और किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

