झारखंड:- जमीन विवाद में वृद्ध की हत्या की आशंका, गिरिडीह में 60 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी

गिरिडीह जिले के डुमरी थाना क्षेत्र में 60 वर्षीय एक वृद्ध की हत्या का मामला सामने आया है। मंगलवार सुबह बड़कीबेरगी पंचायत के जन्मबेडा गांव के पास उनका शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बसगोहरा गांव निवासी वासुदेव मंडल के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार वासुदेव मंडल ट्रैक्टर चलवाने का काम करते थे। वह रोजाना सुबह तड़के घर से निकलते थे और ट्रैक्टर चालक को लेकर खेतों की ओर जाते थे। मंगलवार को भी वह अपने घर से निकले थे लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटे। बाद में परिजनों को सूचना मिली कि जन्मबेडा गांव के पास एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है।
मौके पर पहुंचने के बाद परिजनों ने शव की पहचान वासुदेव मंडल के रूप में की। परिजनों का आरोप है कि उनकी पीट-पीटकर हत्या की गई है। शव पर सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोट के निशान मिले हैं। उनका कहना है कि किसी भारी वस्तु या डंडे से हमला कर वारदात को अंजाम दिया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही डुमरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे।
परिजनों ने हत्या के पीछे जमीन विवाद की आशंका जताई है। उनका कहना है कि वासुदेव मंडल का कुछ लोगों के साथ भूमि संबंधी विवाद चल रहा था। हालांकि पुलिस ने अभी किसी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा किया गया है।

