Bihar:- इंटरसिटी एक्सप्रेस के इंजन से उठा धुआं, दिदरगंज हॉल्ट के पास मची अफरा-तफरी

सहरसा/पटना : पटना से सहरसा जा रही राजेंद्र नगर-सहरसा इंटरसिटी एक्सप्रेस के इंजन से मंगलवार को अचानक धुआं निकलने लगा। यह घटना दिदरगंज हॉल्ट के पास हुई, जिसके बाद ट्रेन में सवार यात्रियों के बीच हड़कंप मच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इंजन से धुआं उठता देख कई यात्री घबरा गए। कुछ यात्रियों ने ट्रेन पूरी तरह रुकने का इंतजार किए बिना ही नीचे उतरने की कोशिश की। देखते ही देखते एक बोगी लगभग खाली हो गई और यात्रियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए लोको पायलट ने तुरंत ट्रेन को दिदरगंज हॉल्ट के पास रोक दिया। ट्रेन रुकने के बाद यात्री तेजी से नीचे उतर गए। इस दौरान महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों में भी डर का माहौल देखा गया।
घटना के बाद ट्रेन करीब आधे घंटे तक हॉल्ट के पास खड़ी रही। रेलवे के तकनीकी कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर इंजन की जांच की और धुआं निकलने के कारणों का पता लगाने में जुट गए। जांच के बाद स्थिति सामान्य होने पर ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस घटना में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है। फिलहाल इंजन से धुआं निकलने के कारणों की जांच की जा रही है। यात्रियों की सुरक्षित सलामती को रेलवे प्रशासन ने बड़ी राहत बताया है।

