50507

आदित्यपुर में वाहन चेकिंग से बचने के लिए बनाया गया शॉर्टकट, पुलिस ने रास्ता बंद कर की कार्रवाई

खबर को शेयर करें
50507

आदित्यपुर : आदित्यपुर के पुराने पुल के पास चल रहे वाहन जांच अभियान के दौरान कुछ वाहन चालक पुलिस की चेकिंग से बचने के लिए नया रास्ता अपनाते नजर आए। हालांकि पुलिस ने भी त्वरित कार्रवाई करते हुए उस रास्ते पर निगरानी बढ़ा दी और कई वाहन चालकों को जांच के दायरे में लिया।

जानकारी के अनुसार, आदित्यपुर पुराने पुल के पास पुलिस द्वारा हेलमेट, ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन दस्तावेजों की जांच की जा रही थी। इस दौरान कुछ वाहन चालक मुख्य सड़क पर लगे चेकिंग प्वाइंट से बचने के लिए पुल के पास से निकलने वाले कच्चे रास्ते का इस्तेमाल कर नदी किनारे होते हुए दूसरे मार्ग से निकल रहे थे।

जब पुलिस को इसकी जानकारी मिली तो अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया। इसके बाद पुलिस ने कच्चे रास्ते पर खूंटा गाड़कर आवागमन रोक दिया और वहां भी जांच अभियान शुरू कर दिया। इससे चेकिंग से बचने की कोशिश कर रहे कई वाहन चालक पुलिस की निगरानी में आ गए।

इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया कि पुलिस ने चेकिंग से बचने के लिए अपनाए जा रहे वैकल्पिक रास्ते का भी पता लगा लिया। वहीं कुछ स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस तरह पुलिस वाहन जांच अभियान में सक्रियता दिखाती है, उसी तरह अपराध नियंत्रण, चोरी और छिनतई जैसी घटनाओं पर भी विशेष ध्यान देने की जरूरत है।

फिलहाल पुलिस का कहना है कि सड़क सुरक्षा को लेकर वाहन जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।