Jamshedpur: कुख्यात अपराधी मनीष सिंह का होगा जेल ट्रांसफर, घाघीडीह से गढ़वा मंडल कारा भेजने की तैयारी…

जमशेदपुर : जुगसलाई निवासी कुख्यात अपराधी मनीष सिंह को जल्द ही घाघीडीह सेंट्रल जेल से गढ़वा मंडल कारा स्थानांतरित किया जाएगा। इस संबंध में जेल प्रशासन ने न्यायालय से आवश्यक अनुमति प्राप्त कर ली है और अब उसे सुरक्षित तरीके से गढ़वा भेजने की तैयारी की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, मनीष सिंह के स्थानांतरण को लेकर जेल प्रशासन ने जिला पुलिस से अतिरिक्त सुरक्षा बल उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। पर्याप्त पुलिस बल मिलने के बाद उसे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच गढ़वा मंडल कारा पहुंचाया जाएगा।
मनीष सिंह के खिलाफ हत्या, रंगदारी, आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसकी आपराधिक पृष्ठभूमि और सुरक्षा संबंधी कारणों को देखते हुए जेल प्रशासन ने उसे दूसरे कारागार में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया शुरू की है।
जेल प्रशासन का कहना है कि स्थानांतरण से जुड़ी अधिकांश औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। अब केवल पुलिस बल उपलब्ध होने का इंतजार है। सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित होते ही मनीष सिंह को घाघीडीह सेंट्रल जेल से गढ़वा मंडल कारा शिफ्ट कर दिया जाएगा।

