50094

झारखंड में बदला मौसम का मिजाज, 28 जून तक बारिश और वज्रपात का अलर्ट

खबर को शेयर करें
50094

झारखंड में मौसम ने पूरी तरह करवट ले ली है। राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में सोमवार को हुई बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। सुबह से रुक-रुक कर हुई बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई और मौसम सुहावना हो गया।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, रांची में सोमवार को करीब 1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। बारिश के प्रभाव से राजधानी का अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो पिछले 24 घंटे की तुलना में 4.7 डिग्री सेल्सियस कम है। वहीं, डालटनगंज राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 37.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर में सबसे अधिक 13.5 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।

मौसम विभाग ने 28 जून तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार इस दौरान अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कई इलाकों में बादल गरजने, बिजली चमकने और वज्रपात की भी आशंका है।

मौसम की स्थिति को देखते हुए पूरे राज्य में येलो अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना भी जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार बारिश के बावजूद आने वाले दिनों में तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है। अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने का अनुमान है। तापमान बढ़ने और वातावरण में नमी रहने के कारण लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।

मानसून के आगमन के बाद भी राज्य में बारिश का वितरण समान नहीं है। 1 जून से अब तक रांची में 118.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जबकि सामान्य बारिश का आंकड़ा 115.6 मिलीमीटर है। यानी राजधानी में अब तक सामान्य बारिश हुई है।

वहीं गढ़वा जिले में सबसे कम वर्षा दर्ज की गई है। यहां अब तक केवल 1 मिलीमीटर बारिश हुई है, जो सामान्य से करीब 99 मिलीमीटर कम है। इसके अलावा साहिबगंज में 3.2 मिलीमीटर और चतरा में 6.8 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है।

मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक लोगों को वज्रपात और तेज हवाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।